पत्नी की हत्या करना चाहता था, बीच-बचाव करने आई सास की मौत

पिछोर. क्षेत्र के ग्राम पंचायत जरगांव में सोमवार को सुबह एक युवक ने अपनी पत्नी और सास पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इस घटना में सास की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल है। घटना गिजौरा थाना क्षेत्र की है। हत्या का कारण गृह क्लेश होना बताया गया है।
युवक अपनी पत्नी की हत्या करना चाहता था लेकिन सास के बीच बचाव किए जाने के दौरान सास के सिर में कुल्हाड़ी जा लगी। इधर, ग्वालियर से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देहात एसके गौर ने पहुंचकर घटना की जानकारी ली।
थाना प्रभारी गिजौरा ने अस्पताल पहुंचकर घायल महिला के बयान दर्ज किए। आरोपी घटना को अंजाम देने के बाद से फरार हो गया है। उसकी तलाश में पुलिस ने दबिश देना शुरू कर दिया है।
लकड़ी बीनने के लिए सुबह 7 बजे रीना (27) गिजौरा के जंगल में जाने को निकली। उसके साथ उसका पति राजकुमार भी जा रहा था। इसी दौरान रीना की मां केसरबाई (50) भी साथ में चलने का कहते हुए उनके साथ चल पड़ी। बीच रास्ते में विवाद होने पर रीना के पति राजकुमार वाल्मीक निवासी उड़ीना जिला दतिया ने कुल्हाड़ी से पत्नी रीना पर हमला कर दिया।
इस दौरान बीच बचाव में सास के सिर में कुल्हाड़ी जा लगी जिससे उसकी घटनास्थल पर मौत हो गई। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। 100 डायल वाहन ने पहुंचकर घायल महिला को उपचार के लिए सिविल हॉस्पिटल डबरा पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद रीना को ग्वालियर रैफर कर दिया है। वहीं केसरबाई के शव का पीएम करा कर परिजनों को सौंप दिया गया है।
तीन माह पहले आ गया था पति राजकुमार - मृतका के बेटे आकाश ने बताया कि राजकुमार के तंग किए जाने के कारण उसकी बहन 6 माह पहले मायके आ गई थी। साथ में वह अपने तीन बच्चों को भी में लेकर आई थी। तीन माह पहले राजकुमार बड़ी बेटी के साथ गांव जरगांव में आकर रहने लगा। आकाश ने बताया कि सोमवार को सुबह लकड़ी बीनने के बहाने वह पत्नी रीना को ले जा रहा था। उसकी मां ने किसी घटना को भांप लिया और वह भी साथ में जाने की जिद करने लगी। गांव से लगभग 500 मीटर निकलने के बाद ही राजकुमार ने उसकी बहन और मां पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया।
फॉरेंसिक टीम ने की जांच, कुल्हाड़ी की जब्त - मौके पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देहात एसके गौर, एसडीओपी उमेश तोमर, और फॉरेंसिक एक्सपर्ट टीम घटनास्थल पहुंची। इस दौरान पुलिस ने घटनास्थल से कुल्हाड़ी बरामद की। साथ ही छीना झपटी में महिला के बाल भी निकल गए थे उसे भी टीम ने बरामद किया है। इधर, एसडीओपी उमेश तोमर ने बताया कि आरोपी को पकडऩे के लिए तीन टीमें गठित की गई है।
आए दिन पीटता था बहन को - मृतका के पुत्र आकाश ने बताया कि उसका जीजा राजकुमार उसकी बहन रीना को आए दिन पीटता रहता था। इसी वजह से उसकी बहन पिछले करीब ६ माह पूर्व मायके आकर रहने लगी थी। एक बार राजकुमार ने उसकी बहन के हाथ भी जला दिए थे। इस संबंध में गिजोर्रा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उसी समय कार्रवाई हो जाती तो आज यह घटना नहीं होती।
'हत्या का आरोपी राजकुमार वाल्मीक उड़ीना जिला दतिया का निवासी है। उसके चार बच्चे है जिसमें दो लड़के और दो लड़किया है। ये सभी अपनी मां के साथ ही रह रहे थे। अभी गृह क्लेश की वजह सामने आई है। आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। उसकी पत्नी गंभीर घायल है जिसे ग्वालियर रैफर किया गया है। मामलें की जांच शुरू कर दी गई है। आरोपी को पकडऩे के लिए तीन टीमें गठित कर दी हैं।' - उमेश तोमर, एसडीओपी डबरा
No comments