कोरोना वायरस कोविड 19 के प्रसार को नियंत्रित करने के लिए देशभर में लॉकडाउन जारी है। लोगों को अधिक से अधिक घरों में रहने और सोशल डिस्टेंसिंग के लिए प्रेरित किया जा रहा है। सरकार मशीनरी सतर्कता के साथ ऐसे मामलों को डील कर रही है। मुंबई में लोखंडवाला इलाक़े में बुधवार शाम एक डॉक्टर को कोविड 19 की पुष्टि होने बाद बीएमसी ने पूरी बिल्डिंग को सील कर दिया है। इस बिल्डिंग में एक्ट्रेस आहना कुमरा के माता-पिता फंस गये हैं।
मिड-डे से बातचीत में आहना ने बताया कि मैं अपने माता-पिता के लिए चिंतित हूं, जो अभी वहां हैं। पूरी बिल्डिंग को उन्होंने कॉर्डन ऑफ़ कर दिया है। कुमरा मानती है कि इस वक़्त यह सब करना बहुत ज़रूरी है, मगर वो अपने पिता के लिए चिंतित हैं, जो डायबिटीज़ के मरीज़ हैं। आहना कहती हैं कि मेरी सबसे बड़ी चिंता मेरे पिता हैं, क्योंकि वो डायबेटिक हैं। अच्छी बात यह है कि बिल्डिंग के गेट पर दवाइयां पहुंचाई जा रही हैं। मेरे परिवार ने ज़रूरी चीज़ें स्टॉक कर ली हैं, लेकिन अगर यह लम्बा चला तो हालात मुश्किल हो सकते हैं। हम लोग एक-दूसरे को कॉल करके स्थिति को हल्का करने की कोशिश कर रहे हैं। मुझे गिल्टी फील हो रहा है, क्योंकि उनके साथ नहीं हूं। आहना फ़िलहाल घाटकोपर में अपनी बहन के साथ रह रही हैं।
No comments