Breaking News

#Corona_ Impact कोरोना के कहर से दिल्ली की बदहाल यौनकर्मियों के सामने रोजी और रोटी का संकट


रेड लाइट जोन में दिल्ली की यौनकर्मी. फाइल फोटो.
New Delhi :  ‘हमारी जिंदगी पहले ही किसी नरक से कम नहीं थी और कोरोना महामारी ने मानों सब कुछ छीन लिया है. ना तो ग्राहक है और ना ही घर में राशन और हमारी सेहत की सुध लेने वाला भी कोई नहीं ’, यह कहना है दिल्ली के जी बी रोड रेड लाइट इलाके में रहने वाली एक यौनकर्मी का.
पान की पीकों से बदरंग संकरी सीढ़ियों से चढ़कर दूसरे तीसरे माले पर बने अनगिनत छोटे छोटे कोठों में पहुंचते ही इनकी दुर्दशा का अहसास हो जाता है. बीस बाय चालीस के कोठे में जहां आठ से दस लोग गुजारा करने को मजबूर हों, ऐसे में सामाजिक दूरी बनाये रखना भी आसान नहीं. किसी के बच्चे छोटे हैं तो उनके दूध का इंतजाम नहीं है तो किसी के घर में स्टोव जलाने को कैरोसीन नहीं है.
पति की मौत के बाद पश्चिम बंगाल से आई शालू का परिवार दार्जिलिंग में है और उसकी थोड़ी बहुत जमा पूंजी भी खत्म हो गई है. उसने ‘भाषा’ से कहा ,‘‘ लॉकडाउन के पहले हफ्ते में तो कोई हमें पूछने भी नहीं आया. थोड़ा बहुत पैसा पास था, वो भी खत्म हो गया. अब कोई एनजीओ या पुलिस खाना दे जाती है तो खा लेते हैं लेकिन अक्सर वह खाने लायक नहीं होता.’’
लॉकडाउन और सामाजिक दूरी के दिशा निर्देशों ने राजधानी के तंग जी बी रोड इलाके में करीब 90 से सौ कोठों में रहने वाली एक हजार से अधिक यौनकर्मियों को फांके काटने पर मजबूर कर दिया है.
पिछले 26 साल से यहां रह रही नसरीन बेगम ने बताया ,‘‘यहां लोगों का आना तो कोरोना की खबरों के साथ ही खत्म हो गया था. मोबाइल हैल्थ वैन हफ्ते में दो बार आती थी लेकिन 22 मार्च से वह भी बंद है. यहां कई महिलाओं को रक्तचाप, शुगर, दिल की बीमारी है और नियमित दवा खानी होती है जिसके लिये पैसे नहीं है.’’

No comments