दवाइयों की होम डिलीवरी कर रहीं पुलिस
देहरादून/ऋषिकेश। पुलिस उप- महानिरीक्षक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जनपद देहरादून के आदेश पर लॉक डाउन के दौरान जनपद हरिद्वार के रुड़की एवं जनपद टिहरी के नैनबाग में पुलिस द्वारा दवाइयों की होम डिलीवरी की गई। कोरोना महामारी के दृष्टिगत जनपद में जारी जनता कर्फ्यू के दौरान आम जनता को किसी भी प्रकार से खाद्य पदार्थों, राशन, दवाइयों आदि के संबंध में कोई परेशानी ना हो इसके लिए पुलिस उप- महानिरीक्षक/ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जनपद देहरादून के द्वारा समस्त थाना प्रभारियों को लगातार आदेशित किया जा रहा है। उक्त आदेश के अनुपालन में पुलिस अधीक्षक देहात व क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश द्वारा भी अपने अधीनस्थों को लगातार निर्देशित किया गया है। उक्त निर्देशो के अनुपालन में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली ऋषिकेश के द्वारा लॉक डाउन के दौरान प्राप्त सूचना पर जनपद हरिद्वार एवं जनपद टिहरी के अनेक स्थानों पर दवाइयों की होम डिलीवरी करवाई गई है। रोहन रावत ग्राम रामपुर नगियाना पंथवारी, नैनबाग टिहरी गढ़वाल के द्वारा कोविड-19 कंट्रोल रूम देहरादून को सूचना दी गई कि उनके रिश्तेदार का ऋषिकेश में नीरज क्लीनिक से मिर्गी का इलाज चल रहा है, जिसकी दवाइयां समाप्त हो चुकी हैं व दवाइयों को लगातार जारी रखने के लिए दवाइयों की आवश्यकता है। मगर वह लॉक डाउन की वजह से दवाई लाने में असमर्थ हैं। कंट्रोल रूम के माध्यम से उक्त सूचना कोतवाली ऋषिकेश में दी गई। जिस पर ऋषिकेश पुलिस द्वारा नीरज क्लीनिक से उक्त दवाइयों को खरीदकर स्पेशल वाहक के माध्यम से उपरोक्त रोहन रावत के परिवार के पास नैनबाग जनपद टिहरी तक दवाइयां पहुंचाई गई हैं। पुलिस कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली की राजेंद्र कुमार गुप्ता निवासी मकान नंबर 22 पीर बाबा कॉलोनी रुड़की जनपद हरिद्वार का इलाज ऋषिकेश के भारद्वाज नर्सिंग होम से चल रहा है, जिनकी दवाइयां समाप्त हो गई है एवं दवाइयां उपलब्ध न होने के कारण तबीयत बिगड़ रही है।मामले की गंभीरता को देखते हुए कंट्रोल रूम से प्राप्त सूचना पर तत्काल उक्त दवाइयों को भारद्वाज नर्सिंग होम से खरीद कर उनके आवास पीर बाबा कॉलोनी रुड़की जनपद हरिद्वार तक विशेष वाहक के माध्यम से भिजवाई गई हैं। जनता कर्फ्यू के दौरान पुलिस अधिकारियों से प्राप्त आदेश पर क्षेत्र में लगातार लॉक डाउन के नियमों का पालन करवाया जा रहा है तथा आवश्यकतानुसार कोई सूचना प्राप्त होने पर दवाइयों एवं खाद्यान्न (राशन) की होम डिलीवरी की जा रही है।

No comments