Breaking News

गले में फंदा डालकर अपराधियों ने कर दी फर्नीचर दुकानदार की हत्या

छौड़ाही/बेगूसराय (प्रतिनिधि): छौड़ाही ओपी थाना क्षेत्र के नारायण पीपड़ पंचायत के पनसल्ला चौक स्थित फर्नीचर दुकानदार की अपराधियों ने गले में फंदा डालकर हत्या कर दी,बुधवार की सुबह पनसल्ला युको बैंक सीएसपी के ठीकसामने पूरब की ओर जानेवाली गढ्ढेनुमा गली में शव को फेक दिया. शव की पहचान पनसल्ला गांव निवासी फर्नीचर दुकानदार शिबू शर्मा उर्फ एसपी शर्मा के रूप में की गयी है.
चर्चा है कि युवक की हत्या शराब तस्करों से विवाद की गई है. मृतक की पत्नी उषा देवी के मुताबिक प्रतिदिन की तरह खाना खाकर उसका पति दुकान पर सोने चला गया था. घटना की रात में तकरीबन 10.00 बजे घर में मोबाइल को चार्ज में लगाकर वह पनसल्ला चौक स्थित अपने दुकान पर सोने चला गया था. रात को 2.00 बजे घर से मोबाइल फोन चार्ज से खोलकर पुनः दुकान में ही सोने चला गया.
बुधवार को सुबह होने के काफी देर बाद तक घर नहीं पहुंचने पर परिजन एसपी शर्मा को दुकान पर देखने गए. पर वह वहांं पर नहीं था. कुछ ही देर बाद पनसल्ला चौक से उत्तर युको बैंक सीएसपी शाखा के सामने वाली गली में किसी के शव होने की सूचना दी. देखते ही देखते यह खबर जंगल में आग की तरह फैल गयी. परिजनों ने बताया कि देखने पर पता चला कि मृतक एसपी शर्मा ही है. शव मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गयी.
मृतक के पुत्र के मुताबिक शराब तस्कर कुछ दिन पहले पैसे के विवाद को लेकर एसपी शर्मा को कावर झील की ओर लेकर चला गया था. बाद में उसे छोड़ भी दिया था. बताया जा रहा है कि इसी विवाद को लेकर एसपी शर्मा को उठाकर कही अलग ले जाकर गले में फंदा डालकर हत्या केे बाद शव को गांव में ही फेंक दिया.
लॉकडाउन में अपराधियों ने बढ़े मनोबल के साथ घटना को अंजाम देकर पुलिस प्रशासन को चुनौती दे डाली है. हत्या के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल था.सुचना मिलते ही छौड़ाही थानाध्यक्ष ओमप्रकाश कुमार दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतक के परिजनों की ओर से आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है..हत्या में शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी जल्द की कर लिया जाएगा.

No comments