सर्जरी कर डॉक्टरों ने जोड़ा पंजाब पुलिस के ASI का कटा हुआ हाथ, 7 घंटे चली सर्जरी
PGIMER में चिकित्सकों ने रविवार को सहायक उप निरीक्षक का वह कटा हाथ सर्जरी से सफलतापूर्वक जोड़ दिया जो पंजाब के पटियाला में निहंगों (Nihangs) के एक समूह के हमले में कट गया था. यह जानकारी अधिकारियों ने दी. अधिकारियों ने बताया कि 50 वर्षीय एएसआई का हाथ जोड़ने के लिए सर्जरी सात घंटे से अधिक समय तक चली.
इस हमले में सहायक उप-निरीक्षक हरजीत सिंह का हाथ तलवार से कट गया था, जबकि पंजाब पुलिस के तीन अन्य पुलिसकर्मी और एक मंडी अधिकारी घायल हो गया था. पंजाब पुलिस ने हमले के सिलसिले में एक महिला सहित 11 लोगों को गिरफ्तार किया है. यह हमला सन्नौर नगर में सुबह सवा छह बजे हुआ.
पीजीआईएमईआर ने कहा कि उनके निदेशक डॉ. जगत राम को पंजाब के डीजीपी दिनकर गुप्ता से सुबह पौने आठ बजे इस बारे में फोन आया था, जिसके बाद वहां के ट्रॉमा सेंटर में आपातकालीन टीम को अलर्ट कर दिया गया था. पीजीआईएमईआर के अनुसार, प्लास्टिक सर्जरी विभाग के प्रमुख प्रोफेसर रमेश शर्मा को सर्जरी का कार्य सौंपा गया था. पीजीआईएमईआर ने कहा, ‘सर्जरी सुबह करीब 10 बजे शुरू हुई और इसमें करीब साढ़े सात घंटे का समय लगा. पीजीआईएमईआर ने कहा कि यह तकनीकी रूप से बहुत जटिल और चुनौतीपूर्ण सर्जरी थी जिसे सफलतापूर्वक सम्पन्न किया गया.

No comments