एक्सीडेंट के बाद घायल की मदद करना पड़ा भारी, नौजवान को पिता के सामने उतारा मौत के घाट
मतलौडा(सचिन): गांव खेडा खेमावती में इंसानियत को शर्मशार करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक नौजवान को नेकी के कारण अपनी जान गवानी पड़ी। इस मामले में पुलिस ने 1 अरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
दरअसल गांव नारा निवासी विकास अपने पिता को साथ असंध से वापिस अपने घर आ रहा था कि अचानक एक बाइक सवार ने उनकी गाड़ी को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक सवार का संतुलन बिगड़ गया और उसे हल्की चोट लग गई। उन्होंने गाड़ी रोककर बाइक सवार को मरहम पट्टी कराने के लिए अपनी गाड़ी में बैठा लिया।
यहां देखें मौके के हालात
जब वो उसे प्राथमिक उपचार के लिए सफीदों लेकर जाने लगे तो बाइक सवार कहने लगा कि उसे ज्यादा चोट नहीं है, वो उसे उनके घर छोड़ आएं। पिता पुत्र उसे उसके घर खेड़ा खेमावती छोड़ने चले गए। तभी रास्ते में गांव में बाइक सवार के परीजनों ने पिता के सामने बेटे की 8-10 लोगों ने लाठी व डंडों से बुरी तरह पिटाई कर दी और उसे तब तक मारते रहे जब तक वह अधमरा नहीं हुआ। परिजन घायल को सफीदों के अस्पताल में लेकर गए। वहां पर डॉक्टरों ने उन्हें पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। जहां पर उपचार के दौरान विकास की मौत हो गई।
इस मामले को लेकर लोगों में गुस्सा है जिसके स्वरूप लोगों ने पुलिस थाने के बाहर शव को रखकर कार्रवाई की मांग की। सफीदों थाना के जांच अधिकारी एएसआई नौरंग ने बताया कि मृतक विकास के पिता घायल राजेश के बयान पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। शव का पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया जाएगा ।

No comments