कानपुर देहात में हाईवे पर मां-पिता की मौत का मंजर देखकर फफक पड़े दो मासूम

कानपुर, जेएनएन। कानपुर देहात में हाईवे पर सोमवार की सुबह दर्दनाक हादसे में दो मासूमों के सिर से माता-पिता का साया छिन गया। आखों के सामने ट्रक की टक्कर से बाइक सवार मां और पिता की मौत का मंजर देखकर दोनों बेटे फफक पड़े। पुलिस ने घायल बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाइक सवार दंपती दोनों बेटों के साथ बाइक से कानपुर रिश्तेदार के घर जा रहे थे।
जालौन के गांव मड़ोरा थाना कुठौंद निवासी 44 वर्षीय शंकर सिंह उर्फ नीरू बाइक से 40 वर्षीय पत्नी सपना, आठ वर्षीय बेटे राघवेंद्र व 10 वर्षीय पुत्र देवेंद्र के साथ सोमवार को कानपुर नगर जा रहे थे। कानपुर में बाइपास लोहिया कंपनी के समीप रहने वाले उनके साढू स्व. रज्जन सिंह की त्रयोदशी संस्कार था, जिसमें शामिल होने वह परिवार के साथ जा रहे थे। कानपुर देहात में हाईवे पर सुबह करीब साढ़े नौ बजे पीतमपुर गांव के सामने ओवरब्रिज के पास गलत दिशा से घुस आए मौरंग लदे ट्रक उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
जाेरदार टक्कर लगते ही बाइक सवार परिवार सड़क पर गिर गया। हादसे में सपना की मौके पर ही मौत हो गई और शंकर गंभीर रूप से जख्मी हो गए। मामूली रूप से घायल बेटे हादसे का मंजर देखकर फफक पड़े। स्थानीय लोगों ने उन्हें हाईवे के किनारे किया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायल शंकर सिंह और दोनों बच्चों को एंबुलेंस से सिकंदरा सीएचसी भेजा, जहां डॉ. विशाल दिवाकर ने शंकर को मृत घोषित कर दिया। घायल बेटों ने बताया कि गांव में पिता आटा चक्की का व्यवसाय करने के साथ खेती करते थे। थानाध्यक्ष रजनेश सिंह चौहान ने बताया कि ट्रक को कब्जे में लिया गया है, फरार चालक की तलाश की जा रही है।
No comments