Breaking News

ये कौन सी तकनीक है जो चेहरे पर से चमड़ी की परत उतार देती है?

सोशल मीडिया पर कई लोग मेकअप सिखाते हुए मिल जाएंगे. यूट्यूब पर तो पूरा ग्रुप है लोगों का जो इसी से अपनी रोज़ी रोटी कमाते हैं. अब हर दूसरे दिन इनका कोई नया शिगूफ़ा छूटता है. ऐसे में अगर आपको मेकअप में इंटरेस्ट है, लेकिन कई चीज़ें आपके सिर के ऊपर से निकल जाती हैं, तो ये आर्टिकल पढ़ लीजिए. इसमें कुछ हालिया ट्रेंड्स के बारे में आप पढ़ सकते हैं:

स्किन केयर से जुड़े कुछ तकनीकी शब्द:

डर्माप्लेनिंग:डर्मा यानी स्किन. प्लेनिंग यानी उसे साफ़ सुथरा/चिकना करना. इसमें बेहद पतली, ख़ास तौर पर तैयार की गई ब्लेड लेकर चेहरे के हल्के बाल हटाए जाते हैं. इससे त्वचा बिल्कुल चिकनी हो जाती है. उस पर मेकअप बेहतर तरीके से फैलता है. लेकिन इसमें बहुत सावधानी की ज़रूरत होती है. इसलिए सिर्फ ऑनलाइन वीडियो देखकर इसे अपनी त्वचा पर न आज़माएं.

डर्माप्लेनिंग को फेस शेविंग भी कहते हैं. (सांकेतिक तस्वीर: healthline)

केमिकल पीलिंग: पीलिंग का मतलब छीलना होता है. लेकिन चिंता मत करिए. यहां पर पीलिंग का वो मतलब नहीं है. केमिकल पीलिंग में आपकी स्किन पर केमिकल्स की एक परत लगाई जाती है. इसके कुछ समय बाद स्किन की ऊपरी परत अपने-आप उतरने लगती है. नीचे मौजूद स्किन फ्रेश, और कम झुर्रियों वाली होती है और उस पर डेड सेल भी नहीं होते. लेकिन ये प्रोसीजर किसी सर्टिफाइड स्किन स्पेशलिस्ट के पास ही करवाना चाहिए.

केमिकल पीलिंग से स्किन की ऊपरी परत जल्दी निकल जाती है.  (तस्वीर: healthline)

स्टीमिंग:ये आपने देखा होगा ज़रूर कहीं न कहीं. देसी नुस्खे भी इसका इस्तेमाल करते हैं. चेहरे पर भाप देने से रोमछिद्र खुलते हैं. स्किन को नमी मिलती है. आप जो प्रोडक्ट लगाते हैं चेहरे पर, वो अच्छे से आपकी त्वचा में जज़्ब हो जाते हैं. इसके लिए ख़ास तौर पर मशीनें भी बनने लगी हैं. छोटी, पोर्टेबल. कहीं भी साथ ले जाया जा सकता है इनको. लेकिन अगर आपके पास ये मशीन्स नहीं, तो आप घर पर साधारण तरीके से भी भाप ले सकती हैं. लेकिन भाप लेने के बाद मुल्तानी मिट्टी या कोई फेसपैक लगाना न भूलें. नहीं तो खुले हुए रोमछिद्र में डस्ट और जर्म्स घुसकर नुकसान पहुंचा सकते हैं.

लोग नाक बंद होने या सर्दी होने पर भाप लेते हैं. ये बात और है कि कभी कभी भाप लेना आपकी स्किन के लिए भी अच्छा हो सकता है. (सांकेतिक तस्वीर: starbiz)

रोलिंग:इसमें ख़ास तरह के रोलर्स के ज़रिए आपके चेहरे की मसाज की जाती है. जैसे आप चेहरे पर कोई ख़ास तरह की क्रीम लगाएं, तो उंगलियों के बजाए इन रोलर्स से मसाज करने को रोलिंग करते हैं. कुछ ब्यूटी एक्सपर्ट्स मानते हैं कि इससे चेहरे की सूजन कम होती है, लेकिन ये साइंटिफिक तौर पर साबित नहीं हुआ है. पिछले दिनों दीपिका पादुकोण की एक फोटो खूब वायरल हुई थी, जिसमें वह अपने करती दिख रही थीं.

कुछ लोगों का मानना है इससे चेहरे की मसाज अच्छे से हो जाती है. कुछ लोग कहते हैं कि ये सब महज दिखावा है और इससे कोई ख़ास असर नहीं पड़ता. (तस्वीर: pexels)

चेहरे की त्वचा नाज़ुक होती है. उसके कटने-छिलने की आशंका भी ज्यादा होती है, अगर ध्यान न रखा जाए तो. इसलिए कोई भी स्किन ट्रीटमेंट इसलिए न कर लें क्योंकि आपने ऑनलाइन लोगों को उसके बारे में बात करते हुए सुना या देखा है. हमेशा किसी अच्छे स्किन डॉक्टर के पास जाएं, और उनसे सलाह लेने के बाद ही कोई प्रोडक्ट इस्तेमाल करें.

No comments