Breaking News

सेना के जवान पर पिस्तौल तानकर पुलिस ने की मारपीट, आईजी व मुख्यमंत्री तक पहुंची शिकायत

सेना के जवान पर पिस्तौल तानकर पुलिस ने की मारपीट, आईजी व मुख्यमंत्री तक पहुंची शिकायत
सीकर. राजस्थान के सीकर जिले में सेना के एक जवान से पुलिस द्वारा मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि एएसआई ने जवान की कनपटी पर पिस्तौल तक तान दी थी। घटना में घायल जवान ने आईजी, मुख्यमंत्री व अपने कमांडिंग ऑफिसर सहित कई जगह शिकायत की है। लेकिन, घटना के पांच दिन बाद भी जवान का ना तो मेडिकल मुआयना हुआ है, ना ही एफआईआर दर्ज की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक दयालकानांगल में सैनिक भूप सिंह छुट्टी पर आया हुआ है। उसका आरोप है कि 21 अप्रैल को अपराधिक घटनाओं में आरोपी बनाये गये अपने भाई भागीरथ जाट को वह पाटन पुलिस के सामने आत्म समर्पण करवाने गया था। यहां पाटन एसएचओ के कहने पर वह भाई की कुछ फोटो बनवाने चला गया। लेकिन, जब वापस थाने लौटकर एसएसआई विजयपाल चौधरी को फोटो देने लगा तो एएसआई ने गालीगलौच व मारपीट शुरू कर दी। जिसमें अन्य पुलिसकर्मियों ने भी साथ दिया। गुस्साए एएसआई ने अपनी सर्विस पिस्तौल भी कनपटी पर तान दी। बाद में थानाधिकारी नरेन्द्र कुमार व एक महिला पुलिसकर्मी ने बीच बचाव कर छुड़वाया। बकौल भूपसिंह इस दौरान उसका सेना पहचान पत्र भी छीन लिया गया।
आईजी से सीएम तक शिकायत

मारपीट में जवान भूप सिंह के चोटें भी आई है। उसका उपचार नीमकाथाना के कपिल अस्पताल में चल रहा है। इसी बीच जवाने पुलिस द्वारा मारपीट की शिकायत आईजी से लेकर सीएम अशोक गहलोत व अपनी बटालियन 9 राजरिफ के कंमाडिग अफसर कर्नल सिद्धार्थ आनन्द तक ई-मेज के जरिये की है। हालांकि मामले में अब तक एफआईआर दर्ज नहीं हुई है।
एएसपी ने कहा एसएचओ से हुई वार्ता
सेना के जवान के साथ मारपीट मामले में नीमकाथाना एसएपी दिनेश अग्रवाल ने पाटन एसएचओ को दिशा निर्देश देने की बात कही है। अग्रवाल ने कहा कि सैनिक भूप सिंह की मामला उनके पास आया था। जिसे लेकन उन्होंने पाटन थानाधिकारी से बात कर निष्पक्ष जांच को कहा है।

No comments