Breaking News

गंगानगर के घर में मिली जीजा-साली की लाश, आत्महत्या की आशंका


गंगानगर के घर में मिली जीजा-साली की लाश, आत्महत्या की आशंका
गंगानगर स्थित एच ब्लाक के एक मकान में रविवार दोपहर जीजा-साली के शव मिलने से सनसनी फैल गई। युवती का शव जीने की रेलिंग से लटका मिला तो युवक का शव कमरे में पड़ा था। पुलिस ने घटनास्थल की जांच करते हुए शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि दोनों ने आत्महत्या की है।
जागृति विहार स्थित शेरगढ़ी निवासी 38 वर्षीय गौरव कश्यप उर्फ रिंकू की शादी आठ साल पहले बेगबाग निवासी अर्चना से हुई थी। गौरव, पत्नी और दो बच्चों के साथ फूलबाग में रह रहा था। परिजनों के मुताबिक, गौरव बुलंदशहर के जेवर स्थित किसी फाइनेंस कंपनी में कर्मचारी था। रविवार दोपहर करीब चार बजे गौरव और उसकी 28 वर्षीय साली ऋतु का शव गंगानगर स्थित एच ब्लाक के मकान की पहली मंजिल पर पड़ा मिला। सूचना मिलने पर गौरव की पत्नी समेत अन्य परिजन मौके पर पहुंचे। ऋतु का शव साड़ी के फंदे से जीने की रेलिंग पर झूल रहा था। गौरव का शव कुछ दूरी पर पड़ा था। घर में दूध बिखरा हुआ था। कमरे में सेफ के दरवाजे भी खुले हुए थे। अंदेशा जताया जा रहा था कि दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। सूचना के बाद गंगानगर पुलिस मौके पर पहुंची। गौरव की पत्नी ने रोते-बिलखते हुए बताया कि गौरव और ऋतु ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। पुलिस ने घटनास्थल की जांच करते हुए दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि ऋतु पिछले दो साल से एच ब्लाक में किराए पर रह रही थी। वह इंचौली स्थित एक स्कूल में शिक्षिका थी। मृतका के भाई ने घटना की तहरीर दी है।
गौरव ने पत्नी को फोन कर बुलाया
गौरव की पत्नी अर्चना ने बताया ऋतु उसकी मौसी की बेटी थी। उसने बताया कि गौरव ने फोन करते हुए बताया था कि ऋतु ने आत्महत्या कर ली है। इसके बाद वह मौके पर पहुंची तो कमरे का गेट अंदर से बंद मिला। उसने शोर मचाते हुए पड़ोसियों की मदद से गेट को खुलवाया। इसके बाद दोनों के शव मिले।
ऋतु बोली, मैं परेशान हूं
मौके पर पहुंचे ऋतु के पिता सुरेन्द्र ने बताया कि ऋतु ने आज सुबह फोन करते हुए बताया था कि वह बहुत परेशान है। जब उन्होंने परेशानी का कारण पूछा तो ऋतु ने कोई जवाब नहीं दिया। उसने कहा कि पापा में सोमवार सुबह तक घर आ जाऊंगी।
अर्चना को नहीं थी जानकारी
अर्चना ने बताया कि गौरव फाइनेंस कर्मचारी था। वह चार दिन उसके पास रहता था और फिर काम पर जाने की बात कहकर घर से चला जाता था। पड़ोसियों ने बताया कि गौरव, ऋतु के साथ रहता था। उन्होंने बताया कि दोनों अपने आपको पति-पत्नी बताते थे। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

No comments