Breaking News

ससुराल आए यूपी निवासी बहनोई को जिंदा जला दिया, गंगा नदी के किनारे शव को दफनाया


ससुराल आए यूपी निवासी बहनोई को जिंदा जला दिया, गंगा नदी के किनारे शव को दफनाया
मुंगेर के बरियारपुर में ससुराल आए यूपी निवासी बहनोई को घरेलू विवाद में दो भाइयों ने बहन संग मिलकर जिंदा जलाकर मार डाला और शव को गंगा नदी के किनारे दफना दिया।
घटना स्थानीय थाना क्षेत्र के बरियारपुर बस्ती गांव में की है। शिकायत के बाद बरियारपुर पुलिस ने शव को गंगा नदी के किनारे की जमीन की खुदाई करवाकर शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए मुंगेर भेज दिया। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार का लिया है। घटना का कारण आपसी विवाद बताया जा रहा है।
ससुराल आया यूपी निवासी रामकिशोर लॉकडाउन में फंसा 
बताया जाता है कि उत्तर प्रदेश के बांदा जिला स्थित गढ़वा गांव निवासी मेरा लाल का 35 वर्षीय बेटा रामकिशोर रजक की शादी त्रिवेणी तांती की बेटी से डेढ़ साल पहले हुई थी। राम किशोर लुधियाना में मजदूरी करता था। इस बीच होली खेलने अपनी ससुराल बरियारपुर बस्ती उत्तर टोला आया था। लॉकडाउन के कारण वह ससुराल में ही फंस गया। इसी बीच आर्थिक तंगी के कारण पति और पत्नी में बराबर झगड़ा होने लगा। बीच-बीच में साला से भी झगड़ा होने लगा। कुछ दिनों के बाद राम किशोर बीमार पड़ गया। बताया जाता है कि गत 16 मई को घर में राम किशोर रजक और उनकी पत्नी और साला के बीच काफी झगड़ा हुआ। उसी दिन देररात दोनों साला, पत्नी और सास ने मिलकर राम किशोर रजक के साथ काफी मारपीट की फिर उसे जलाकर मार दिया।
गंगा किनारे बालू में दफनाया था शव
रामकिशोर की हत्या करने के बाद ससुराल वालों ने उसके शव को गंगा नदी के किनारे बालू के नीचे दफना दिया। घटना की सूचना राम किशोर रजक के दोस्त के ससुरालवालों ने उसके परिजनों को दी। किंतु लॉकडाउन के कारण यूपी से कोई नहीं आ सका। बाद में राम किशोर के परिजनों ने बरियारपुर पुलिस से संपर्क किया। इसके बाद गुरुवार की सुबह राम किशोर रजक के परिजन और उसका दोस्त बरियारपुर थाना पहुंचे और पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी। 
बरियारपुर थानाध्यक्ष राजेश कुमार रंजन ने जब राम किशोर के साले साकेत कुमार और सुजीत कुमार, पत्नी अलका देवी और सास ललिता देवी से कड़ाई से पूछताछ की तो मामले का खुलासा हो गया। दोनों साले की निशानदेही पर पुलिस ने गंगा नदी कल्यानटोला घाट पर बालू की खुदाई करवायी तो शव सड़ी गली अवस्था में बरामद किया गया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। 
हत्या के आरोप में पुलिस ने 4 लोगों को गिरफ्तार किया
पुलिस ने मृतक के भाई रामधनी रजक के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर घटना में शामिल चार आरोपी, जिसमें मृतक युवक की पत्नी अलका देवी, सास ललिता देवी, साला साकेत कुमार तथा सुजीत कुमार को गिरफ्तार कर लिया है।

No comments