Breaking News

जिस दिन मायके से उठी डोली उसके एक साल बाद ससुराल से उठी अर्थी

जिस दिन मायके से उठी डोली उसके एक साल बाद ससुराल से उठी अर्थी
बैतूल/आमला. जिस दिन घर से बेटी की डोली उठी थी ठीक उसी के एक साल बाद घर में मातम छा गया। आमला ब्लॉक के ग्राम कुजबा में शनिवार को एक नवविवाहिता की मौत कुएं में गिरने से हो गई। सूचना पर बैतूल से एफएसएल टीम घटना स्थल पहुंची। वहीं मुलताई एसडीओपी नम्रता सोंधिया के साथ ही बोरदेही थाना प्रभारी अनिल पुरोहित ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
खेत में धनिया निदाई के लिए गए थे दोनों
बताया गया कि चिल्हाटे परिवार के सात सदस्यों के साथ में 27 वर्षीय मोनू उर्फ पूजा पत्नी प्रमोद चिल्हाटे खेत में धनिया की फसल निदाई करने गई थी। दोपहर में सभी लोग आराम कर रहे थे, इस दौरान ही पूजा पानी लेने कुएं पर गई थी, पानी निकालने के दौरान कुएं में गिरने से मौत हो गई। परिजनों ने दौड़कर पूजा को बचाने का प्रयास किया, लेकिन नहीं बचा सके। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकाला है।
एक दिन पहले मनाई थी शादी की वर्षगांठ
बताया जा रहा है कि पूजा का विवाह 15 मई 2019 को प्रमोद के साथ हुआ था। पूजा की शुक्रवार को शादी की वर्षगांठ थी। पूजा की मौत होने पर पुलिस संदेह के आधार पर जांच कर रही है। मामला नवविवाहिता से जुडा होने के कारण मुलताई एसडीओपी नम्रता सोंधिया जांच कर रही है। पूजा के परिजन कुछ भी कहने से इंकार कर रहे है। बोरदेही थाना प्रभारी अनिल पुरोहित ने बताया कि नविवाहिता की कुएं में गिरने से मौत हो गई है। नवविवाहिता का रविवार को पीएम कराया जाएगा। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
टवेरा ने बाइक को मारी टक्कर एक की मौत दूसरा गंभीर
सांईखेड़ा/मुलताई. आमला पंखा के पास शनिवार दोपहर हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। वहीं दूसरा युवक गंभीर घायल हो गया। घायल की स्थिति गंभीर होने से इलाज के लिए भोपाल रैफर किया। बताया जा रहा है कि सांईखेड़ा निवासी 40 वर्षीय सुधीर देवकते और 30 वर्षीय नितिन सोनपुरे सांईखेड़ा से आमला पंखा बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान फोरलेन पर आमला जोड़ क्रास करने के दौरान बैतूल की ओर जा रही तेज रफ्तार टवेरा ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दोनों युवक उछलकर करीब 20 फीट दूरी पर फिका गए। दोनों को इलाज के लिए जिला चिकित्सालय लाया गया, जहां पर उपचार के दौरान सुधीर देवकते की मौत हो गई। नितिन का उपचार करने के बाद सिर में गंभीर चोट होने से उसे भोपाल रैफर किया गया।

No comments