राम-सीता और लक्ष्मण की करोड़ों की अष्टधातु की मूर्तियां नेपाल में बेचने की थी तैयारी, अंतरराष्ट्रीय गिरोह के 10 गिरफ्तार

पूर्णिया. पुलिस ने चोरी की गयी अष्टधातु की करोड़ों रुपये मूल्य की तीन मूर्तियां बरामद की हैं. इसके साथ ही पुलिस ने 10 मूर्ति चोरों को भी गिरफ्तार किया है. इन सभी का संबंध अन्तरराष्ट्रीय मूर्ति चोर गिरोह से बताया जा रहा है. पूर्णिया के एसपी विशाल शर्मा ने कहा कि मार्च महीने में सहायक खजांची थाना के गोकुल कृष्ण ठाकुरबाड़ी से अति प्राचीन अष्टधातु की तीन मूर्तियां चोरी हुई थीं. इनमें भगवान राम, माता सीता और लक्ष्मण जी की बड़ी बड़ी मूर्ति थी. वैज्ञानिक अनुसंधान में पता चला कि सोनू नामक एक सफेदपोश ने मूर्ति चोरी का प्लान बनाया था. हालांकि फिलहाल सोनू फरार हो गया है, लेकिन अन्य 10 मूर्ति तस्कर गिरफ्तार कर लिये गये हैं.
पूर्णिया एसपी ने बताया कि इन सभी का संबंध अंतरराष्ट्रीय मूर्ति चोर गिरोह से है. एसपी ने कहा कि इन लोगों की प्लानिंग नेपाल में मूर्ति बेचने की थी जहां इन्हें करोड़ों रुपये मिलते, लेकिन लॉकडाउन के कारण सीमा सील होने के वजह से मूर्ति लेकर भागने का मौका नहीं मिला. इन लोगों ने तीनों मूर्तियों को अलग- अलग जगहों पर छिपा दिया था. एक मूर्ति कोढ़ा से तो दूसरी मूर्ति अररिया से बरामद की गई. जबकि तीसरी मूर्ति फारबिसगंज से बरामद की गई. चोरों ने रेती से कई मूर्तियों को विखंडित कर दिया गया है.
एसपी ने कहा कि जल्द ही मुख्य साजिशकर्ता सोनू को गिरफ्तार कर लिया जायेगा. उन्होंने कहा कि मूर्ति बरामद करने में लगी टीम को पुरष्कृत किया जायेगा. एसपी ने कहा कि कुछ लोगों ने मंदिर के पुजारी मुरारी बाबा पर आरोप लगाकर हंगामा किया था, लेकिन इस मामले में साधु मुरारी बाबा की कोई संलिप्तता नहीं है.
गौरतलब है कि मूर्ति चोरी की घटना उस समय पूरे देश में चर्चित हो गयी थी. अयोध्या के साधु संत भी मूर्ति बरामदगी को लेकर पुलिस प्रशासन से लगातार संपर्क में थे. इस मूर्ति चोरी की घटना के बाद पूर्णिया में लोग काफी आक्रोशित हो गए थे.
इसके बाद एसपी ने सदर एसडीपीओ के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया था जिसमें सहायक खजांची थाना प्रभारी अमित कुमार, कृत्यानंद नगर थाना प्रभारी मिथिलेश कुमार, खजांची हाट थाना प्रभारी संजय कुमार और मरंगा थाना प्रभारी मुकेश मिश्रा को शामिल किया गया था. कई दिनों के अथक प्रयास के बाद चोरी की गई मूर्ति समेत 10 चोर पुलिस के हत्थे चढ़े.
No comments