Breaking News

घर के नींव खुदाई के दौरान घड़ों में मिला खजाना, प्रशासन ने किया सभी खजानों को सील


उत्तर प्रदेश के हरदोई जनपद में एक रिटायर्ड शिक्षक के घर की नींव की खुदाई के दौरान घड़ों में ज्वेलरी और पुराने सिक्के मिलने से हड़कंप मच गया. आनन- फानन में जमीन से निकले खजाने की सूचना स्थानीय पुलिस और राजस्व अधिकारी को दी गई. जिसके बाद मौके पर पहुंचे एसडीएम की निगरानी में ज्वेलरी और चांदी के सिक्कों को सील कर दिया गया. अब सोने के आभूषणों और चांदी के सिक्कों को जांच के लिए पुरातत्व विभाग भेजा गया है. जांच के बाद ही पता चल सकेगा कि यह गहने और सिक्के कितने पुराने हैं और इनका ऐतिहासिक महत्व क्या है.
खुदाई के दौरान सोने के आभूषण और चांदी के सिक्के मिलने का यह मामला हरदोई जिले के कोतवाली बिलग्राम इलाके के मोहल्ला बजरिया का है, जहां के रहने वाले शोभित गुप्ता रिटायर्ड शिक्षक हैं. वह अपना घर बनवाने के लिए नींव की खुदाई करा रहे थे. नींव की खुदाई के दौरान अचानक चांदी के सिक्के और लगभग डेढ़ किलो सोने की ज्वेलरी निकली. जिसके बाद खुदाई का काम बंद कर दिया गया. इस बीच किसी ने मामले की सूचना स्थानीय पुलिस को दे दी. जिसके बाद स्थानीय पुलिस और एसडीएम बिलग्राम मौके पर पहुंचे और मामले की जांच पड़ताल की. खुदाई में मिले पुराने सोने की ज्वेलरी और चांदी के सिक्कों को सील कर दिया गया. अब चांदी के सिक्कों और सोने की ज्वेलरी को पुरातत्व विभाग भेजा गया है, ताकि यह पता चल सके कि यह ज्वेलरी और सिक्के कितने पुराने हैं और क्या इनका पुरातात्विक महत्व है?
तस्वीरों में बिलग्राम कोतवाली इलाके के बजरियां मोहल्ले में रिटायर्ड शिक्षक शोभित गुप्ता के मकान की नींव खुदाई के दौरान बेशकीमती खजाना मिला है. पहले तो मकान मालिक ने खजाने को छिपाने का प्रयास किया, लेकिन मजदूरों ने राज को खोल दिया. कस्बे में चर्चाओं का बाजार गर्म हुआ तो पुलिस मौके पर जा पहुंची और खजाने को कब्जे में ले लिया. वैसे तो यह खजाना कीमती है. जेवरात बहुत पुराने हैं. पूरे मामले में पुलिस ने बेशकीमती खजाने को कब्जे में लेकर आगे की कार्यवाई शुरू कर दी है.

No comments