Breaking News

बाबूजी खाना दे दो, हमारे बच्चे भूखे हैं…

पलवल के होडल में स्थित पुलिस थाने के बाहर खड़े मजदूर परिवार खाना-राशन के लिए फरियाद करते हुए। -हप्र
बाबूजी हमें खाना दे-दो। हमारे बच्चे भूखे हैंं, हमारे पास राशन खत्म हो चुका है। पलवल जिले के होडल थाना के बाहर खडे दिहाडीदार मजदूर परिवार अपना पेट भरने के लिए कुछ इस तरस से लोगों से फरियाद कर रहे हैं। इस दौरान बच्चे व महिलाएं फफक-फफक कर रो भी पडते हैं। ये सभी मजदूर वहां पुलिस थाना में राशन मांगने आए थे लेकिन लॉक डाउन के चलते सभी पुलिसकर्मी नॉके व अपनी-अपनी ड‍्यूटी पर मुस्तैद होने के चलते वे थाने के बाहर ही लोगों से फरियाद करने लगे। जब इसका पता पूर्व मंत्री हर्ष कुमार को पता चला तो उन्होंने इन गरीब लोगों को राशन पहुंचाया।
प्रदेश में लॉक डाउन में भले ही सरकार व सामाजिक संस्थाएं गरीबों का पेट भरने का दावा करतीं हो लेकिन होडल में इन गरीबों की फरियाद ने उनके दावों के विपरीत की स्थिति को बयां कर दिया है। दरसल ये पीड़ित मजदूर होडल में डबचिक टूरिस्ट कांप्लेक्स के निकट उमराला रोड पर झुग्गियों में रहते हैं। वह खेल तमाशा और सींकरी बनाने का काम करते हैं, लेकिन लॉकडाउन में उनका काम-धंधा बंद हो गया है। और उनके पास पैसे भी खत्म हैं।
ऐसा नहीं है कि इनके पास इस लॉक डाउन पीरियड के दौरान राशन या खाना नहीं पहुंंचा। इन मजदूरों का कहना है कि शुरू में उनके पास एक बार खाना दिया गया था लेकिन पिछले सात दिनों से उनके पास कोई नहीं पहुंंचा अब कई दिनों से उनके पास आटा तक भी नहीं है।

No comments