प्रेमी से मिलने पर प्रेमिका की परिजनों ने कर दी धुनाई, बेटी ने घरवालों पर ही किया अपहरण का केस
लॉकडाउन के बीच एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। दोनों में अफेयर चल रहा था लेकिन प्रेमिका के परिजनों ने उसकी शादी कहीं और तय कर दी इसके बाद प्रेमिका प्रेमी से मिलने पहुंच गई।
हरिभूमि न्यूज। जींद
प्रेमी से गांव गोरखपुर मिलने पहुंची प्रेमिका को उसके परिजन मारपीट कर जबरदस्ती अपने साथ ले गए। प्रेमी ने अनहोनी घटना की आशंका जताते हुए प्रेमिका के परिजनों पर आरोप लगाते हुए गढ़ी थाना पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने प्रेमिका के 23 परिजनों के खिलाफ अपहरण करने, मारपीट करने समेत विभिन्न धाराओं के तहत जीरो एफआईआर दर्ज कर भूना फतेहाबाद थाना को भेजी है।
गांव न्यौली कलां हिसार निवासी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका गांव धमतान निवासी एक युवती से अफेयर चला आ रहा है। दोनों ने शादी करने का प्रस्ताव भी रखा था लेकिन प्रेमिका के परिजनों ने साफ मना कर दिया और उसकी प्रेमिका की शादी कहीं और तय कर दी। इसी बीच उसकी प्रेमिका घर से निकल गई और उसके पास पहुंच गई। जिस पर उन्होंने अपनी बुआ के गांव गोरखपुर में शरण ली। इसी बीच उसकी प्रेमिका के परिजन ढ़ूंढते हुए गांव गोरखपुर पहुंच गए और उसकी प्रेमिका के साथ मारपीट करते हुए अपने साथ ले गए। युवक ने अनहोनी घटना का संदेह जताया। गढ़ी थाना पुलिस ने 23 लोगों के अपहरण कर मारपीट करने समेत विभिन्न धाराओं के तहत जीरो एफआईआर दर्ज कर भूना थाना को भेज दी है।

No comments