Breaking News

'मारो-मारो, भूखा रखते हो, गलत इंजेक्शन लगाते हो', मुरादाबाद में घायल डॉक्टर ने सुनाई आपबीती, बताया कितना खौफनाक था मंजर


Video: 'मारो-मारो, भूखा रखते हो, गलत इंजेक्शन लगाते हो', मुरादाबाद में घायल डॉक्टर ने सुनाई आपबीती, बताया कितना खौफनाक था मंजर
मुरादाबाद: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में मेडिकल टीम पर हुए हमले के बारे में घायल हुए डॉक्टर ने आपबीती बताई है। घटना में घायल डॉक्टर एस.सी अग्रवाल ने बताया है कि किस तरह अचानक उन पर और उनकी टीम पर वहां के स्थानीय लोगों ने हमला बोला। डॉक्टर एस.सी अग्रवाल ने कहा कि हम वहां कोरोना संदिग्ध के सैंपल लेने गए थे, जब हमपर ये  हमला किया गया। इस मामले में उत्तर प्रदेश की पुलिस ने 7 महिलाओं सहित 17 लोगों को गिरफ्तार किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं।

पढ़ें डॉक्टर की आपबीती

डॉक्टर एस.सी अग्रवाल ने लड़खड़ाती हुई आवाज में कहा, " जो परिवार में कोरोना पॉजिटिव थे वो खत्म हो चुके थे। (यानी मौत)  उसके बाद ये हुआ कि जो फ़र्स्ट कॉन्टैक्ट के लोग हैं, उनको क्वॉरेंटाइन किया जाए। ताकि उनका सैम्पलिंग किया जा सके। इसलिए उनकी पत्नी और बड़े बेटे को हम पहले ही अस्पताल ले गए थे। लेकिन उनके दो बेटे और कुछ लोग घर पर ही रह गए थे, जिनके सैम्पल लेने के लिए हम थाने से फोर्स को लेकर उनके घर गए थे। इसलिए हम चार लोगों के सैंपल लेने के लिए उनके घर पहुंचे थे। वह सब हमारे साथ जाने के लिए तैयार हो गए थे। एम्बुलेंस आने में 15 मिनट से आधा घंटा लग गया होगा। हम संदिग्ध को एम्बुलेंस बैठा ही रहे थे कि इतने देर में आस-पास के लोग इकट्ठा हो गए, पूछने लगे क्यों ले जा रहे हो, कहां ले जा रहे हो? खाना नहीं देते हो, परेशान करते हो, भूखा रखते हो, ... गलत इंजेक्शन लगाते हो... हमने कहा ऐसा कुछ नहीं है। जिले के मालिक आपको बता देंगे...फिलहाल ऐसा कुछ नहीं है। बस इतना ही हुआ था हम आकर बैठे ही थे कि हो हल्ला हो गया... मारो..मारो.. मारो। कुछ लोग वहां से भाग गए और कुछ लोग बच गए थे। मैं जब पैदल भागने लगा तो सामने से एक ईंट फेंककर मारा किसी ने तो मैं नीचे गिर गया। मेरा चश्मा भी गिर गया...मैं उठाकर फिर भागा। पीछे से फिर किसी ने ढ़ेला मारा...। मैं फिर गिर गया...तो मुझे लात घूसों से फिर मारना शुरू कर दिया। फिर एक बुजुर्ग ने आकर मेरी मदद की...क्योंकि खून काफी बह रहा था। फिर SHO मुझे अपने साथ लेकर अस्पताल आए।'' 

No comments