Breaking News

एशिया की सबसे बड़ी झुग्गी धारावी में कोरोना के मरीजों की संख्या हुई 5

देश में कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है. इस बीच मुंबई में एशिया की सबसे बड़ी झुग्गी में शनिवार को कोरोना वायरस से संक्रमित दो मरीज मिले हैं. इस क्षेत्र में पॉजिटिव कोरोनो वायरस के मामलों की कुल संख्या 5 हो गई. आपको बता दें कि इससे पहले धारावी में कोरोना पॉजीटिव मरीज की मौत हो चुकी है.
मुंबई के धारावी में महिला और पुरुष की कोराना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है. इससे पहले धारावी के शाहू नगर में इलाज के दौरान एक कोरोना मरीज ने दम तोड़ दिया था. इस पर बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) की टीम ने उनके परिवार के आठ से 10 लोगों को क्वारनटीन में रखा है. जहां पर मरीज रहता है उस इमारत को पूरी तरह सील कर दिया गया है.
गौरतलब है कि एशिया की सबसे बड़ी झुग्गी धारावी में कोरोना वायरस की दस्तक खतरे से खाली नहीं है. मुंबई में धारावी 15 लाख लोगों की घनी आबादी वाला क्षेत्र है, जो 613 हेक्टेयर में फैला हुआ है. धारावी में लाखों की संख्या में मजदूर और छोटे कारोबारी रहते हैं. वहीं, महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने शनिवार को कहा कि कोरोना वायरस को रोकने के लिए देशभर में लागू किए बंद को प्रदेश सरकार चरणबद्ध तरीके से हटाने पर विचार कर रही है.
इससे पहले उन्होंने कहा था कि प्रदेश के लोग अगर अनुशासन में नहीं रहेंगे और कोविड-19 के मामले बढ़े तो महाराष्ट्र सरकार 14 अप्रैल को बंद नहीं हटाएगी. राष्ट्रव्यापी बंद 14 तारीख को खत्म हो रहा है. टोपे ने बाद में एक सीधे वेब प्रसारण में कहा कि इस बात पर चर्चा चल रही है कि क्या चरणबद्ध तरीके से बंद में छूट दी जा सकती है. इस दौरान कड़े नियमों का पालन किया जाएगा.
मंत्री ने लोगों से रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने को भी कहा. उन्होंने कहा कि अच्छा खाइये और घर के अंदर व्यायाम कीजिए. टोपे ने कहा कि आयुर्वेद के कई विशेषज्ञ कोरोना वायरस के इलाज की अनुशंसा करना चाहते हैं. उनके पास वैकल्पिक चिकित्सा से जुड़ी जो भी जानकारी हो उसे आयुष पोर्टल पर देना चाहिए.
टोपे ने कहा कि लोगों को सख्ती से अनुशासन बनाए रखना चाहिए, लेकिन अगर वे ऐसा नहीं करते हैं (अनावश्यक रूप से घरों से बाहर आते हैं) और मरीजों की संख्या बढ़ती है तब कोई और विकल्प नहीं बचेगा और बंद को बढ़ाना होगा. उन्होंने हालांकि कहा कि बंद जब भी हटाया जाएगा चरणबद्ध तरीके से हटाया जाएगा, जिससे सभी लोगों को एक साथ सड़क पर आने की इजाजत नहीं मिले.

No comments