Breaking News

महाराष्ट्र से ट्रक में छिपकर आए 40 लोग पकड़े गए, चालक ने प्रति व्यक्ति लिया 4 हजार रुपये किराया

पाली-जोधपुर के बीच रोहट थाना पुलिस ने गुरुवार को एक ट्रक में सवार होकर जोधपुर जा रहे 40 लोगों को उतारकर अस्थाई राहत शिविर में भेज दिया।

पाली। पाली-जोधपुर के बीच रोहट थाना पुलिस ने गुरुवार को एक ट्रक में सवार होकर जोधपुर जा रहे 40 लोगों को उतारकर अस्थाई राहत शिविर में भेज दिया। ये सभी 40 लोग ट्रक में छिपकर महाराष्ट्र से आ रहे थे। इसके बदले ट्रक चालक ने प्रति व्यक्ति 4 हजार रुपये की राशि ली थी। पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है। जिला कलेक्टर दिनेशचंद जैन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं।
कोरोना को लेकर देशभर में लॉकडाउन 2 लागू होने के बाद अब मजदूर व अन्य व्यक्ति हजारों रुपए खर्च कर अपने घर जाने का प्रयास कर रहे है। एएसपी रामेश्वरलाल ने बताया कि अलसुबह रोहट के पास नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने जोधपुर पासिंग एक ट्रक को गति ज्यादा होने की वजह से रूकवाया। जांच के दौरान ट्रक में महिलाओं व बच्चों सहित 40 लोगों को एक साथ पास-पास बैठा देखकर ट्रक को जब्त कर लिया गया। ट्रक से उतारे गए सभी लोगों को सरकारी अस्पताल भिजवाया गया, जहां से उन्हें विवेकानन्द सरकारी स्कूल में बनाए गए क्वारेन्टाइन सेन्टर भेज दिया गया। यहां सभी लोगों की चिकित्साकर्मियों ने स्क्रीनिंग की।
जिला कलक्टर दिनेशचंद जैन ने जिला परिवहन अधिकारी राजेन्द्र दवे को ट्रक के पंजीयन नंबरों के आधार पर मालिकों का पता लगाकर एमवी एक्ट में सख्त कार्रवाई करने के साथ रोहट के उपखंड अधिकारी को क्वारेंटाइन किए गए सभी लोगों के भोजन-पानी समेत रहने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। खास बात यह है कि पूरे देश में राज्यों की सीमाएं सील है, बावजूद इसके इस ट्रक को महाराष्ट्र से जोधपुर आते समय न तो किसी ने रोका और न ही रोकने का प्रयास किया। प्रारम्भिक जांच में ट्रक से उतारे गए सभी लोग जोधपुर के आस-पास के गांवों के मजदूर बताए जा रहे हैं। वे काम के लिए महाराष्ट्र में रह रहे थे।

No comments